जैसलमेर और पोकरण में निकाय चुनाव के नामांकन कल से:पार्षद के दावेदारों ने झोंकी ताकत; 14 सितंबर को आएंगे चुनावी नतीजे
जैसलमेर नगर परिषद और पोकरण नगर पालिका में पार्षद पद का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए कल(27 अगस्त) का दिन बेहद खास है। 19 अगस्त को आचार संहिता लागू होने के बाद, निर्वाचन आयोग कल यानी गुरुवार (27 अगस्त) को चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना (लोकसूचना) जारी कर रहा है।
इसी के साथ कल से ही दोनों निकायों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रत्याशी 31 अगस्त तक सरकारी कार्य दिवसों में सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना पर्चा दाखिल कर सकेंगे। 1 सितंबर को फॉर्मों की जांच होगी, 3 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह बांट दिए जाएंगे।
जैसलमेर नगर परिषद के 45 वार्डों के लिए 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि पोकरण नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। दोनों ही जगह सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग चलेगी। मतों की गिनती 14 सितंबर को होगी।
नामांकन में 'रूल ऑफ 5' लागू नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट और एसडीएम दफ्तर के बाहर सुरक्षा कड़ी रहेगी। रिटर्निंग अफसर (SDM) के कमरे में प्रत्याशी समेत केवल 5 लोगों को ही जाने की इजाजत मिलेगी। समर्थकों की भारी भीड़ जुटाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
जिला प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों से शांतिपूर्ण चुनाव और आचार संहिता की पालना करने की अपील की है।
📡 स्रोत: NewsData.io