जलभराव में खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, अपनी निगरानी में 9 लोगों का कराया सुरक्षित रेस्क्यू

गायत्री नगर में 3 से 4 फीट पानी के बीच पहुंचे शुक्ल, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य टीम को तत्काल लगाया; प्रभावितों को अस्पताल पहुंचाया
रीवा, 26 अगस्त 2026। अतिवृष्टि के बाद रीवा नगर निगम क्षेत्र के कई हिस्सों में बने जलभराव के बीच उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को प्रभावित नागरिकों के बीच पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
वार्ड नंबर-10 के गायत्री नगर में पिछले एक सप्ताह से निचले क्षेत्र में 3 से 4 फीट तक पानी भरा होने की जानकारी मिलने पर वे सुबह ही मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेने के साथ प्रभावित लोगों से भी सीधे संवाद किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने तत्काल एसडीआरएफ टीम इंचार्ज विकास पांडेय और स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर तैनात कराया। राहत एवं बचाव दल की कार्रवाई में 9 प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें उपचार के लिए लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।


जलनिकासी के लिए 60-60 हॉर्स पावर के पंप लगाए
गायत्री नगर में जलभराव कम करने के लिए उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन ने जल निकासी का काम तेज किया है। इसके लिए सीमेंट फैक्ट्री से 60-60 हॉर्स पावर के मड मोटर पंप मंगवाकर लगातार पानी निकालने का काम किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को तत्काल मजबूत करने और जल निकासी का काम तेजी से पूरा करने को कहा।
मुश्किल घड़ी में खुद पहुंचे तो बढ़ा लोगों का भरोसा
गायत्री नगर के रहवासियों ने संकट के बीच उप मुख्यमंत्री के स्वयं मौके पर पहुंचने और तत्काल राहत कार्य शुरू कराने को लेकर आभार जताया। स्थानीय लोगों के मुताबिक पुरानी खदान वाले निचले क्षेत्र में प्लॉटिंग के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है।
उनका कहना था कि मुश्किल समय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उप मुख्यमंत्री का स्वयं मौके पर मौजूद रहना उनके लिए भरोसे और सहारे की बात है। 9 लोगों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद क्षेत्र में राहत कार्य और तेज कर दिया गया है।
नगर निगम की टीमें लगातार जल निकासी में जुटी हैं और प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष श्री दीनानाथ वर्मा, वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद अमिता वीरेंद्र सिंह सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।