जालोर में श्रद्धा से मनी गांधी जयंती, गूंजे भजन-रामधुन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जालोर में गांधी जयंती पर जिला कलेक्ट्रेट स्थित गांधी स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित हुआ। रैली, भजन-रामधुन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने गांधीजी के सत्य व अहिंसा के संदेश को याद किया।
जालोर, 02 अक्टूबर। जिला मुख्यालय पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी स्मारक पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
समारोह के दौरान बापू के प्रिय भजनों और रामधुन की प्रस्तुतियों से वातावरण गांधीमय हो गया। स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद किया।
कार्यक्रम से पूर्व नगर परिषद से जागरूकता रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। कई विद्यार्थी महात्मा गांधी की वेशभूषा में नजर आए, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष तथा सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम मनोज कुमार, डीएसपी गौतम जैन, नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।