भोपाल

जम्बूरी मैदान की भूमि पर एनएचएआई के कब्जे का आरोप, निर्माण रोकने की मांग

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 19 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जम्बूरी मैदान की भूमि पर एनएचएआई के कब्जे का आरोप, निर्माण रोकने की मांग

भोपाल। जम्बूरी मैदान आनंद नगर की बीएचईएल भूमि पर एनएचएआई द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में रमेश यादव ने भेल प्रशासन को आवेदन देकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने और भूमि को कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

रमेश यादव ने बताया कि एनएचएआई द्वारा भूमि पर कब्जा लेने से पहले बीएचईएल को उचित सूचना नहीं दी गई और मौके पर सीमांकन भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी किए बिना निर्माण किया जाना नियमों के विपरीत है। मौके पर सीमांकन से संबंधित कोऑर्डिनेट वाली फील्ड बुक और नक्शा भी प्रस्तुत नहीं किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जम्बूरी मैदान की फ्रंट भूमि पर इस तरह निर्माण होने से मैदान का स्वरूप प्रभावित होगा। रमेश यादव ने कहा कि यदि एनएचएआई को कार्यालय अथवा अन्य निर्माण के लिए भूमि की आवश्यकता है तो बीएचईएल की अन्य उपलब्ध भूमि या परिवहन नगर क्षेत्र में विकल्प तलाशे जा सकते हैं।

रमेश यादव ने भेल प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कर कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से किए जा रहे पक्के निर्माण और कार्यालय का कार्य तत्काल रोका जाए तथा भूमि को खाली कराया जाए। उन्होंने बताया कि संबंधित भूमि की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इस अवसर पर भेल श्रमिक नेता दीपक गुप्ता, सर्व समाज सम्मेलन अध्यक्ष विनोद साहू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु मौजूद थे। रमेश यादव ने कहा कि बीएचईएल की भूमि की सुरक्षा जरूरी है, ताकि भविष्य में फैक्ट्री विस्तार और अन्य योजनाओं के लिए भूमि की कमी न हो।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।