जमीन-जायदाद के विवाद में 8 वर्षीय भतीजे की हत्या:ललितपुर पुलिस ने चाची को किया गिरफ्तार, मासूम को जबरन पिलाया था जहर
ललितपुर के बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिल्ला में जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर 8 वर्षीय भतीजे की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी चाची पुष्पा पत्नी हरकिशन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुष्पा ने बच्चे को जबरन कीटनाशक दवा पिलाने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। थानाध्यक्ष अरुण तिवारी ने रविवार रात करीब 10 बजे इसकी जानकारी दी। घटना 4 अगस्त की है। ग्राम बिल्ला निवासी कक्षा तीन के छात्र अभय (8) का शव शाम करीब चार बजे उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के पास कीटनाशक दवा की शीशी भी बरामद हुई थी। शुरुआती जांच में कीटनाशक पीने से मौत की आशंका जताई गई थी। चाची ने खेत पर जाने की बताई थी बात अभय की मौत के बाद उसकी चाची पुष्पा ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी बेटी के साथ कमरे में सो रही थी। दोपहर करीब 12 बजे अभय खाना खाने के लिए अपने कमरे में गया था। इसके बाद पुष्पा अपनी बेटी के साथ कमरे में ताला लगाकर खेत पर चली गई थी। शाम करीब चार बजे लौटने पर अभय कमरे में मृत मिला। उसके पास कीटनाशक की शीशी पड़ी थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अभय के चेहरे और गले पर चोट के निशान सामने आए। इससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और हत्या की आशंका में जांच आगे बढ़ाई गई। पिता की तहरीर पर दर्ज हुई एफआईआर 15 अगस्त को अभय के पिता ने जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए चाची पुष्पा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने रविवार को पुष्पा को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पुष्पा ने अभय को कीटनाशक दवा पिलाने और इसके बाद गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। क्षेत्राधिकारी महरौनी ने भी रविवार शाम अभय की मौत के मामले में उसकी चाची पुष्पा की गिरफ्तारी की पुष्टि की। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io