जनसंपर्क जगत के बेमिसाल हस्ताक्षर ताहिर अली को राष्ट्रीय गौरव सम्मान मिलने पर लगा बधाइयों का तांता, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी दी बधाई
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा जनसंपर्क और मीडिया के क्षेत्र में ताहिर अली का अनुभव, समर्पण और सेवाभाव अनुकरणीय, दशकों की शानदार सेवाओं, प्रभावी कार्यशैली और जनसंपर्क एवं मीडिया क्षेत्र में विशिष्ट योगदान का हुआ सम्मान
भोपाल। जनसंपर्क और मीडिया के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले ताहिर अली को प्रतिष्ठित 13वें ‘विनय उजाला राष्ट्रीय गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे अनुभव, कार्य के प्रति समर्पण और जनसंपर्क क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि ताहिर अली ने अपने लंबे सेवाकाल में जनसंपर्क के क्षेत्र को केवल एक जिम्मेदारी के रूप में नहीं निभाया, बल्कि इसे संवाद, विश्वास और जनसेवा का माध्यम बनाया। शासन की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने तथा शासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
ताहिर अली की पहचान एक ऐसे अनुभवी जनसंपर्क विशेषज्ञ के रूप में बनी, जिनकी संवाद क्षमता, विषय की समझ, सहज व्यवहार और प्रभावी कार्यशैली ने उन्हें अपने क्षेत्र में अलग मुकाम दिलाया। प्रशासन और मीडिया दोनों की कार्यप्रणाली की गहरी समझ के कारण वे कठिन परिस्थितियों में भी संवाद का रास्ता निकालने और महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखने के लिए जाने जाते हैं।
जनसंपर्क विभाग में संयुक्त संचालक के रूप में लंबी सेवाओं के दौरान उन्होंने शासन और मीडिया के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाई। उनके कार्य में पेशेवर दक्षता के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी दिखाई देती रही। यही वजह है कि विभागीय जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर उन्होंने सहकर्मियों और मीडिया जगत में भी आत्मीय संबंध बनाए।
सेवानिवृत्ति के बाद भी ताहिर अली की सक्रियता कम नहीं हुई। वर्तमान में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के मीडिया सलाहकार के रूप में वे अपने अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग कर रहे हैं। सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रिय भूमिका इस बात का उदाहरण है कि जिम्मेदारी से जुड़ाव केवल पद तक सीमित नहीं होता, बल्कि अनुभव के साथ उसका दायरा और बढ़ता है।
ताहिर अली को सम्मानित किए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जैसे अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व का सम्मान पूरे जनसंपर्क जगत के लिए गौरव की बात है। उन्होंने ताहिर अली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और अनुभव नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी हैं।
इंदौर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रसिद्ध अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने ताहिर अली को ‘विनय उजाला राष्ट्रीय गौरव सम्मान-2026’ और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को 12 अलग-अलग विधाओं में सम्मानित किया गया।
ताहिर अली को मिला यह सम्मान उनके वर्षों के अनुभव, निरंतर सक्रियता, प्रभावी संवाद क्षमता और जनसंपर्क के प्रति समर्पित कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है। जनसंपर्क के क्षेत्र में उनकी लंबी पारी और विशिष्ट कार्यशैली ने उन्हें उन चुनिंदा व्यक्तित्वों में स्थान दिलाया है, जिनकी पहचान पद से अधिक उनके काम और व्यवहार से बनती है।