राजनीति

जनता के भरोसो पर खरा उतरने का प्रयास करें जनप्रतिनिधि- बिरला

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जनता के भरोसो पर खरा उतरने का प्रयास करें जनप्रतिनिधि- बिरला

निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम

कोटा, 28 सितंबर। लोकसभा अध्य़क्ष ओम बिरला ने कोटा में रविवार को जिले में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता ने नगरीय निकाय चुनावों में विश्वास और भरोसे के साथ जनप्रतिनिधियों को चुनकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अब सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सेवा, संवेदना और समर्पण के साथ इस विश्वास पर खरे उतरें।

जनप्रतिनिधि की भूमिका केवल नगरपालिका के कार्यों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जनता को यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी प्रत्येक कठिनाई, दर्द और समस्या में उसका जनप्रतिनिधि उसके साथ खड़ा है। शहरी क्षेत्रों के साथ अब ग्रामीण क्षेत्र में भी विकास और जनसेवा को और गति देनी है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर दस्तक देनी होगी।

बिरला ने कहा कि आधार कार्ड, खाद्य सुरक्षा, पालनहार, पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लक्ष्य है कि कोटा-बूंदी क्षेत्र में जो व्यक्ति जिस योजना का पात्र है, उसे उस योजना का लाभ मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रत्येक परिवार के दस्तावेजों की जांच करें और जहां आधार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेजों में विसंगति है, वहां उसे ठीक करवाने में सहयोग करें।

उन्होंने बूंदी में आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी केंद्र प्रारंभ किए जाने की बात भी कही। उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी विसंगतियों को समय रहते दूर करवाने पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान एक भी घर नहीं छोड़ने का आग्रह किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।