राज्य

जन्माष्टमी के बैनर फाड़ने पर विवाद, हिंदू और यादव समाज में आक्रोश

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 1 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जन्माष्टमी के बैनर फाड़ने पर विवाद, हिंदू और यादव समाज में आक्रोश

थाना प्रभारी को सौंपा आवेदन, अज्ञात लोगों पर कार्रवाई की मांग

खनियांधाना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगर में लगाए गए भगवान श्रीकृष्ण के धार्मिक बैनर एवं पोस्टर फाड़े जाने का मामला सामने आने के बाद खनियांधाना में विवाद गहरा गया है। घटना से नाराज यादव समाज एवं सर्व हिंदू समाज के लोग मंगलवार को एकत्रित हुए और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर थाना खनियांधाना पहुंचे।

समाजजनों के अनुसार, 29 अगस्त की शाम यादव समाज की ओर से नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर भगवान श्रीकृष्ण के बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। आरोप है कि उसी रात करीब 11 बजे से 11:40 बजे के बीच चार अज्ञात लोगों ने इन बैनरों को फाड़कर सड़क पर फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई।

इस दौरान समाजसेवी पंजाब सिंह यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “यह किसी एक समाज की बात नहीं है, यह भगवान श्रीकृष्ण की बात है। यदि पोस्टर फाड़ने वाले असामाजिक तत्व हमारे सामने आकर अपनी गलती स्वीकार कर लेते, तो यादव समाज उन्हें माफ करने के लिए तैयार था।”

समाजजनों ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े बैनर-पोस्टर के साथ इस तरह की तोड़फोड़ से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

सर्व हिंदू समाज, यादव समाज एवं ओबीसी जन कल्याण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सिंह यादव और समाजसेवी पंजाब सिंह यादव सहित समाजजनों ने खनियांधाना थाना प्रभारी संजय सिंह किरार को आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से अज्ञात असामाजिक तत्वों की पहचान कर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई।

समाजजनों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में आपसी सौहार्द और शांति का माहौल बना रहे।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं