भोपाल

जापान से आए बौद्ध अतिथियों का भोपाल में भव्य स्वागत

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जापान से आए बौद्ध अतिथियों का भोपाल में भव्य स्वागत

तक्षशिला बुद्ध विहार के आशीर्वाद समारोह में गूंजा ‘नमो बुद्धाय, जय भीम और जय संविधान’ का उद्घोष

भोपाल, 4 अक्टूबर। तक्षशिला बुद्ध विहार के तत्वावधान में रविवार को आयोजित आशीर्वाद समारोह में जापान से पधारीं बौद्ध भिक्खुनी मयोसेन सतोजी तथा पूज्य भंते साक्यपुत्र सागर राहुल का श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बौद्ध एवं अंबेडकर अनुयायी शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान बुद्ध की धरती से निकला मैत्री, करुणा, प्रज्ञा और शांति का संदेश आज देश की सीमाओं को पार कर पूरी दुनिया तक पहुंच रहा है। जापान से आए अतिथियों का भोपाल की जनता की ओर से स्वागत, अभिनंदन एवं वंदन किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल अतिथियों के स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि भगवान बुद्ध के विचारों, धम्म की शिक्षाओं और मानवतावादी मूल्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस अवसर पर विजय सुरळकर, पंकज, अजय नार्नावरे सहित तक्षशिला बुद्ध विहार से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के योगदान की सराहना की गई।

समारोह में उपस्थित लोगों ने तथागत गौतम बुद्ध के मैत्री, करुणा, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन “नमो बुद्धाय, बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि” के जयघोष के साथ हुआ।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।