जशपुर को हराकर फरसाबहार बना चैंपियन

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिला हॉकी संघ जशपुर के तत्वावधान में आयोजित जशपुर हॉकी लीग प्रतियोगिता 2026 का फाइनल मुकाबला शनिवार को स्थानीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेला गया। खिताबी भिड़ंत में फरसाबहार और मेजबान जशपुर की टीमें आमने-सामने थीं।
शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फरसाबहार ने जशपुर को 7-3 गोल के बड़े अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच की शुरुआत से ही फरसाबहार के खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई और जशपुर की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाए रखा।
शानदार तालमेल और लगातार हमलों के दम पर फरसाबहार ने एक के बाद एक कई गोल दागे और मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। हालांकि, जशपुर की टीम ने भी वापसी की पूरी कोशिश की और तीन गोल करने में सफल रही, लेकिन फरसाबहार की मजबूत रणनीति और बेहतरीन टीम संयोजन के आगे उनकी एक नहीं चली।
फाइनल मुकाबले का यह आयोजन जिला हॉकी संघ जशपुर के अध्यक्ष वाल्टर कुजूर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विलियम कुजूर उपस्थित रहे। इसके अलावा अनुग्रह कुजूर, तलिदान लकड़ा, अजित बरवा, दिनेश लकड़ा, संदीप मिंज, सुप्रिया तिग्गा, सपना एक्का, अनुप्रिया बेक समेत संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। रोबिन एक्का बेस्ट स्कोरर चुने गए। झकमक लकड़ा को बेस्ट डिफेंडर का खिताब मिला। अमन खलखो बेस्ट गोलकीपर घोषित किए गए। अविनाश एक्का को फाइनल मैच में शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जिला हॉकी संघ का यह आयोजन जिले में हॉकी खेल को लोकप्रिय बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रहा है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह भर दिया है।
📡 स्रोत: NewsData.io