जशपुर में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जशपुर, 03 नवंबर 2026
जशपुर जिले में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शासकीय रा.भ.रा. एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और युवाओं से संवाद कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 5 नवम्बर 2026 तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान का हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाना, उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं से परिचित कराना तथा देश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार होना आवश्यक है। युवाओं को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।