जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया श्रमदान, स्वच्छता को आदत बनाने का दिया संदेश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया और स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने का संदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु रोग विभाग के सामने ऑक्सीजन प्लांट के पास स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को जन-जन का आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। स्वच्छ अस्पताल, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं।
शुक्ल ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जीवन में आत्मसात करते हुए स्वच्छता को अपनी आदत बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता को केवल एक दिन तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने जयप्रकाश जिला चिकित्सालय के स्टाफ को स्वच्छता बनाए रखने, साफ-सफाई और श्रमदान में निरंतर योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने उपस्थित लोगों को सार्वजनिक स्थलों और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए भी प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, कार्यस्थल, अस्पताल और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए। सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती ब्रजुला सचान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित रहा।