राज्य

जयपुर जंक्शन पर बिना टिकट एंट्री बंद, दिवाली-छठ पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष तैयारी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जयपुर जंक्शन पर बिना टिकट एंट्री बंद, दिवाली-छठ पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष तैयारी

दिवाली, छठ पूजा और ग्यारस पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जयपुर जंक्शन पर रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। स्टेशन पर टिकट जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा और रिजर्व्ड व जनरल टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग एंट्री पॉइंट बनाए गए हैं।

27 अक्टूबर, जयपुर। दिवाली, छठ पूजा और ग्यारस के अवसर पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जयपुर जंक्शन पर रेलवे ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब बिना टिकट प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश द्वार पर टिकट की जांच के बाद ही यात्रियों को स्टेशन परिसर में जाने की अनुमति मिलेगी। इसके लिए रेलवे की ओर से एंट्री पॉइंट पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कॉमर्शियल स्टाफ तैनात किया जाएगा।

टिकट जांच के बाद ही स्टेशन पर मिलेगा प्रवेश

जयपुर जंक्शन पर त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। ट्रेन के निर्धारित आगमन से करीब एक घंटे पहले स्टेशन परिसर में टिकट जांच की व्यवस्था रहेगी। रिजर्व्ड टिकट और जनरल टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिससे यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सके। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर भीड़ का दबाव कम करना और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन तक पहुंचाना है।

1 नवंबर से सेकेंड बिल्डिंग से शुरू होगी एग्जिट

जयपुर जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए हसनपुरा साइड स्थित सेकेंड बिल्डिंग से 1 नवंबर से बाहर निकलने की व्यवस्था शुरू की जाएगी। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस बिल्डिंग का इस्तेमाल फिलहाल केवल एग्जिट के लिए किया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत यात्री एग्जिट गेट से सीधे पुरोहित जी की सर्किल की ओर निकल सकेंगे। इससे मुख्य प्रवेश द्वार पर यात्रियों का दबाव कम होने और प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है। इस दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की एंट्री बंद रहेगी, ताकि यात्रियों की आवाजाही में बाधा न आए।

4 से 13 नवंबर तक बनेगा होल्डिंग एरिया जयपुर स्टेशन डायरेक्टर जीसी गुप्ता ने बताया कि दिवाली, छठ पूजा और एकादशी के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए एक अस्थायी योजना तैयार की गई है। इसके तहत 4 से 13 नवंबर तक स्टेशन पर यूनियन ऑफिस के सामने होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा।

यहां यात्रियों के बैठने और प्रतीक्षा करने के लिए टेंट लगाने के साथ रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के माध्यम से टिकट लेने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही टिकट जांच के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात रहेगा, ताकि अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त जवानों की मांग

स्टेशन डायरेक्टर जीसी गुप्ता के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए जीआरपी और आरपीएफ के जवानों के साथ 80 होमगार्ड तैनात करने की मांग की गई है। इसके अलावा स्काउट्स के जवानों की सहायता भी मांगी गई है। इन जवानों की मदद से ट्रेनों में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाएगा। रेलवे का प्रयास है कि प्लेटफॉर्म पर भीड़ जमा न हो और यात्रियों को ट्रेन में चढ़ते या उतरते समय धक्का-मुक्की जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़े।

सीसीटीवी और टिकट जांच से होगी निगरानी रेलवे की योजना के तहत स्टेशन परिसर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखने के साथ टिकट जांच और प्रवेश व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। यात्रियों से भी अपील की जाएगी कि वे निर्धारित प्रवेश और निकास द्वारों का उपयोग करें तथा रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बाइट — जीसी गुप्ता, स्टेशन डायरेक्टर, जयपुर जंक्शन

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।