जयपुर में रॉन्ग साइड पर सख्ती, दो दिन में 7,134 चालान

जयपुर यातायात पुलिस ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर 544 वाहन चालकों के चालान काटे। 20 और 21 अगस्त को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7,134 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। जयपुर, 22 अगस्त।
शहर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 544 चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि सड़क पर शॉर्टकट के चक्कर में नियम तोड़ना जानलेवा साबित हो सकता है।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के नेतृत्व में 20 और 21 अगस्त को जयपुर के पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर जोन में विशेष टीमें तैनात की गईं।
अभियान के दौरान 20 अगस्त को रॉन्ग साइड के 283 और 21 अगस्त को 261 चालान किए गए। इस तरह दो दिनों में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले कुल 544 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। दो दिन में 7,134 वाहन चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार 20 और 21 अगस्त को विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7,134 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इनमें वीओसी ऐप से फोटो खींचकर किए गए 798 चालान, पीओएस मशीन से 2,633 चालान, आईटीएमएस ऑनलाइन चालान से 1,135 तथा इंटरसेप्टर और स्पीड गन के माध्यम से किए गए 2,568 चालान शामिल हैं।
इन सभी कार्रवाइयों में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 544 चालान भी शामिल रहे। यातायात पुलिस ने कहा कि रॉन्ग साइड वाहन चलाना गंभीर यातायात उल्लंघन है और इससे आमने-सामने की टक्कर जैसी घातक दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और हमेशा वाहन सही दिशा में चलाने की अपील की। उन्होंने कहा, “शॉर्टकट से बची हुई दूरी, जिंदगी से ज्यादा जरूरी नहीं है।” रामबाग सर्किल पर भी चलाया जागरूकता अभियान
जयपुर यातायात पुलिस की ओर से रामबाग सर्किल पर भी विशेष यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जैन सोशल कैपिटल ग्रुप के सहयोग से हुए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण एवं नोडल अधिकारी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सुनीता मीना ने पुलिस अधिकारियों और ग्रुप के सदस्यों के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश की।
इस दौरान दुपहिया वाहन चालकों को मानक हेलमेट पहनने, चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया। वाहन चालकों को रेड लाइट का उल्लंघन नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। सही दिशा में वाहन चलाकर और नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है।