राज्य

जयपुर में रोजगार शिविर: 25 कंपनियों ने किया 394 अभ्यर्थियों का चयन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जयपुर में रोजगार शिविर: 25 कंपनियों ने किया 394 अभ्यर्थियों का चयन

जयपुर के Suresh Gyan Vihar University में संभागीय रोजगार कार्यालय की ओर से कैंपस प्लेसमेंट शिविर और करियर सेमिनार आयोजित किया गया। शिविर में 25 निजी कंपनियों ने भाग लिया और 394 अभ्यर्थियों का चयन किया, जिनमें 366 को सीधे नियोजन और 28 को प्रशिक्षण के लिए चुना गया।

जयपुर, 15 अक्टूबर। राज्य सरकार के कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के तहत 15 अक्टूबर को संभागीय रोजगार कार्यालय, जयपुर की ओर से Suresh Gyan Vihar University में एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट शिविर एवं करियर सेमिनार आयोजित किया गया। शिविर में करीब 500 बेरोजगार आशार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में निजी क्षेत्र की 25 कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों की ओर से कुल 394 आशार्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। इनमें 366 अभ्यर्थियों को सीधे नियोजन और 28 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए चुना गया। बैंकिंग, आईटी, बीपीओ, हॉस्पिटल और होटल सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

करियर सेमिनार में संभागीय रोजगार कार्यालय की संयुक्त निदेशक श्रीमती नवरेखा मुख्य वक्ता रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार के विभिन्न अवसरों और विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने करियर को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, वर्ल्ड ग्रोथ फोरम के प्रतिनिधि एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्री अनाम कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ChatGPT के बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीकी बदलावों के दौर में करियर निर्माण और रोजगार के नए अवसरों को समझने की आवश्यकता बताई।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, करियर संबंधी मार्गदर्शन देने और उन्हें कौशल विकास के प्रति जागरूक करना रहा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।