जयशंकर की रूस यात्रा आज से, रूसी विदेश मंत्री से करेंगे मुलाकात

23 अगस्त, नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज से रूस की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के निमंत्रण पर हो रही है। यात्रा के दौरान विदेश मंत्री भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 27वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।
यह आयोग दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक सहयोग से संबंधित विषयों पर कार्य करता है। यह दोनों देशों के बीच उच्च स्तर पर लिए गए फैसलों को लागू करने का रोडमैप तैयार करता है और सहयोग को मजबूत बनाता है।
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। फाइल फोटो: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर