अपराध

जेई से मारपीट करने वाला रोडवेज कर्मी गिरफ्तार:बिजली चोरी की जांच के दौरान हुआ था हमला, जेई के हाथ में फ्रैक्चर; अन्य आरोपियों की तलाश

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 22 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जेई से मारपीट करने वाला रोडवेज कर्मी गिरफ्तार:बिजली चोरी की जांच के दौरान हुआ था हमला, जेई के हाथ में फ्रैक्चर; अन्य आरोपियों की तलाश

फर्रुखाबाद में बिजली चोरी की जांच के दौरान एक अवर अभियंता पर हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस ने रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार को लोहिया अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके बेटे और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। यह घटना सोमवार को हुई थी। बिजली विभाग के एसडीओ अजय कुमार और अवर अभियंता मुख्तार हुसैन अपनी टीम के साथ लोको रोड स्थित रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार के घर बिजली चोरी की शिकायत पर जांच करने गए थे।

जांच के दौरान अवर अभियंता पर हमला किया गया, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। अवर अभियंता और एसडीओ ने रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार, उसके बेटे रजत और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। जेई संगठन ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

बुधवार को अधिशासी अभियंता कालेश्वर चंद, एसडीओ अजय कुमार और जेई मुख्तार हुसैन ने एएसपी से भी मुलाकात कर गिरफ्तारी की मांग दोहराई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस को जानकारी मिली कि रोडवेज कर्मी लोहिया अस्पताल में है। पुलिस वहां पहुंची और उसे मेडिकल कराने की तैयारी करते समय ही गिरफ्तार कर लिया।

फतेहगढ़ कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि अवर अभियंता के एक्सरे में हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। इस कारण एफआईआर में और धाराएं बढ़ाई जाएंगी। गिरफ्तार आरोपी सुभाष चंद्र अहिरवार का चालान कर दिया गया है। उसके बेटे और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस बीच, बिजली चोरी के मामले में रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार के घर का कनेक्शन अभी तक नहीं काटा गया है।

विभाग ने बिजली चोरी के लिए 1 लाख 24 हजार 828 रुपये का जुर्माना नोटिस भेजा है। अवर अभियंता मुख्तार हुसैन ने बताया कि नोटिस भेजने के बाद बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा और जुर्माना जमा होने के बाद ही इसे दोबारा चालू किया जाएगा।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।