जेपी नड्डा ने की स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

अगस्त 28, नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में देश में आपातकालीन और ट्रॉमा केयर सेवाओं को मजबूत करने, दवा नियमन को और प्रभावी बनाने, संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मेडिकल वैल्यू टूरिज्म के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान बताया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से पहले चरण में मार्च 2027 तक 160 जिला अस्पतालों को मजबूत किया जाएगा। इन अस्पतालों में आपातकालीन और ट्रॉमा केयर सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
समीक्षा में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी गई। इसके तहत करीब 1.5 लाख देखभालकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में मेडिकल वैल्यू टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे के विकास पर भी चर्चा हुई।
इसका उद्देश्य भारत में गुणवत्तापूर्ण और किफायती चिकित्सा सेवाओं के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। फोटो: X/JPNadda