राज्य

झाबुआ- जिले में शुरू किया गया प्रोजेक्ट सम्पूर्ण सिकल केयर

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 23 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

इस पहल के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से सिकल सेल की नियमित स्क्रीनिंग की जाएगी। किसी व्यक्ति के सिकल सेल से प्रभावित पाए जाने पर उसके परिवार के सदस्यों की भी जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा। सभी गर्भवती महिलाओं और पात्र हितग्राहियों की सिकल सेल जांच पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

चिन्हित मरीजों को आवश्यकतानुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ हाइड्रोक्सीयूरिया और फॉलिक एसिड जैसी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार की प्रगति पर नियमित नजर रखने के लिए प्रोग्रेस कार्ड तैयार किया जाएगा।

इसके साथ ही ‘सिकल सेल मित्र’ के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की पहल की गई है। इच्छुक लोग स्वेच्छा से सिकल सेल मित्र बनकर मरीजों और उनके परिवारों को आवश्यक सहयोग दिलाने में मदद कर सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल रोगियों के उपचार और देखभाल के लिए स्वास्थ्य संस्थाओं में सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं।

जिला अस्पताल में 55 बेड, सिविल अस्पताल में 4 बेड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 1 बेड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 4 बेड आरक्षित किए जा रहे हैं।

विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य अमले को सिकल सेल की पहचान, जांच, उपचार, नियमित अनुश्रवण और संभावित जटिलताओं की समय पर पहचान के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि चिन्हित मरीजों को समय पर उचित उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।