राज्य

झाबुआ- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र रोटला का किया निरीक्षण

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
झाबुआ- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र रोटला का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि आंगनवाड़ी केंद्र के भवन की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, लेकिन निर्माण के लिए राशि प्राप्त नहीं हुई है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर राशि प्राप्त करने तथा शीघ्र आंगनवाड़ी भवन का निर्माण प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

केंद्र पर कुल 30 बच्चे दर्ज हैं, जबकि निरीक्षण के समय 15 बच्चे उपस्थित पाए गए। साथ ही 8 बच्चों के ड्रॉप आउट होने की जानकारी दी गई।

कलेक्टर ने बच्चों की कम उपस्थिति पर निर्देश दिए कि जो बच्चे दूरी अथवा अन्य कारणों से केंद्र नहीं आ रहे हैं, उन्हें आंगनवाड़ी सहायिका के माध्यम से केंद्र तक लाने के प्रयास किए जाएं तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे नाश्ते की भी जानकारी ली, जिसमें नमकीन दलिया दिए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति एवं पोषण संबंधी जानकारी की पोषण ट्रैकर पर नियमित एवं सही एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को नाश्ता एवं भोजन निर्धारित समय पर तथा तय मेनू के अनुसार दिया जाए और पोषण आहार की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अवनधती प्रधान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।