झाबुआ - वन क्षेत्रों में अवैध कटाई और अतिक्रमण पर सख्ती, संभागायुक्त ने विशेष कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
झाबुआ। संभाग के वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए अब जिला स्तर पर विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाएगी। संभागीय टास्क फोर्स समिति की वर्चुअल बैठक में संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने कहा कि वन क्षेत्रों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए वन विभाग के साथ पुलिस, राजस्व और अन्य संबंधित विभाग मिलकर काम करें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां नियमित निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गठित गश्ती दल नियमित रूप से वन क्षेत्रों का भ्रमण करें और संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
दुर्गम क्षेत्रों में भी प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और वन संरक्षण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
वनग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
बैठक में संभाग के चिन्हित वनग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से इस प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
वन अधिकार प्रकरणों का पारदर्शी निराकरण
संभागायुक्त ने वन अधिकार पट्टों से संबंधित कार्रवाई नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत लंबित प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत
वन संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी अपनाएँ। अवैध कटाई और अतिक्रमण से न केवल प्रकृति का विनाश होता है, बल्कि समाज की समृद्धि भी खतरे में पड़ती है। हमें कानूनी रास्तों, जैसे पर्यावरणीय न्यायालय, के माध्यम से शिकायत दर्ज करनी चाहिए और सामुदायिक निगरानी से वन क्षेत्रों की रक्षा करनी चाहिए। हर नागरिक को यह याद रखना चाहिए कि हर पेड़, हर जीव हमारे भविष्य का हिस्सा है, और उसका संरक्षण ही हमारा कर्तव्य है।