राज्य

झाबुआ- विश्व आत्महत्या निषेध दिवस पर पीएम श्री महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
झाबुआ- विश्व आत्महत्या निषेध दिवस पर पीएम श्री महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य ने की। कार्यक्रम में आनंद विभाग के मास्टर ट्रेनर जगदीश सिसोदिया ने आत्महत्या निषेध दिवस के उद्देश्य, आत्महत्या की रोकथाम तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार वर्ष 2021 में विश्वभर में अनुमानित 7 लाख 27 हजार लोगों की आत्महत्या से मृत्यु हुई।

आत्महत्या 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग में मृत्यु का तीसरा प्रमुख कारण रही। वैश्विक स्तर पर आत्महत्या से होने वाली मौतों में लगभग 73 प्रतिशत निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों में हुईं। श्री सिसोदिया ने कहा कि आत्महत्या के पीछे अनेक जटिल सामाजिक, आर्थिक, मनोवैज्ञानिक एवं पारिवारिक परिस्थितियां हो सकती हैं।

मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, जीवन में आने वाले संकट, पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों में तनाव, आर्थिक कठिनाइयां, अकेलापन तथा संवाद की कमी व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। ऐसे समय में व्यक्ति को अकेला छोड़ने के बजाय उससे संवेदनशीलता के साथ संवाद करना और आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि तनाव को समय रहते पहचानना और उसका सकारात्मक ढंग से प्रबंधन करना आत्महत्या की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परिवार, मित्रों, शिक्षकों एवं समाज की भूमिका ऐसे समय में अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।