झाड़ियों में मिले युवक के शव में शराब की पुष्टि:सीतापुर में पोस्टमार्टम के बाद भी मौत का कारण अस्पष्ट, बिसरा को भेजा
सीतापुर में रेलवे स्टेशन के पास 21 अगस्त को झाड़ियों में मिले युवक के शव की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद भी साफ नहीं हो सका। डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, लेकिन मौत की वजह स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
हालांकि पोस्टमार्टम के दौरान शरीर में अल्कोहल की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। इससे सामने आया है कि मौत से पहले युवक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। अब बिसरा जांच की रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि महमूदाबाद रेलवे स्टेशन के पास एक निजी बार के सामने झाड़ियों में गुरुवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया था। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
बाद में मृतक की पहचान बड्डूपुर निवासी सूरज पुत्र संजय (32) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक सूरज किराना स्टोर चलाता था और 21 अगस्त को महमूदाबाद बस से सामान खरीदने आया था। उसकी शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों ने बताया कि सूरज कभी-कभी कई दिनों तक घर नहीं आता था।
आसपास के लोगों के अनुसार वह शराब का सेवन भी करता था। शव मिलने की जानकारी के बाद परिजन कोतवाली पहुंचे और अनहोनी की आशंका जताई थी। हालांकि फिलहाल किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
📡 स्रोत: NewsData.io