अपराध

झालावाड़ पीटीएस का 20वां दीक्षांत समारोह

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
झालावाड़ पीटीएस का 20वां दीक्षांत समारोह

एडीजीपी एच.जी.आर. सुहास ने ली परेड की सलामी, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को मेडल और शील्ड देकर किया सम्मानित

झालावाड़, 13 अक्टूबर। झालावाड़ पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में मंगलवार को 20वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 509 प्रशिक्षु आरक्षकों को पुलिस सेवाओं के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) एच.जी.आर. सुहास रहे, जबकि कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हरेंद्र महावर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षु जवान और पीटीएस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एडीजीपी सुहास द्वारा परेड की सलामी लेने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के कमांडेंट गोपीचंद मीणा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों तथा प्रशिक्षुओं को दिए गए प्रशिक्षण की जानकारी दी। समारोह में प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दीक्षांत समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रशिक्षित कमांडो द्वारा प्रस्तुत साहसिक और वीरतापूर्ण प्रदर्शन रहा। कमांडो ने विभिन्न करतबों के माध्यम से अपने कौशल, शारीरिक दक्षता और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन को देखकर समारोह में मौजूद अतिथियों और पीटीएस परिवार के सदस्यों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर एडीजीपी एच.जी.आर. सुहास ने कहा कि पुलिस ट्रेनिंग स्कूल झालावाड़ में प्रशिक्षु जवानों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। समारोह में कमांडो और प्रशिक्षुओं का प्रदर्शन उनके प्रशिक्षण की गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले 509 जवानों को पुलिस सेवा में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए रवाना किया गया है।

जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ पुलिस सेवाएं निभाने की शपथ भी दिलाई गई।

पीटीएस कमांडेंट गोपीचंद मीणा ने बताया कि दीक्षांत समारोह प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण काल की पूर्णता और पुलिस सेवा में उनके नए दायित्वों की शुरुआत का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को पुलिस कार्यप्रणाली, अनुशासन और कर्तव्यों के निर्वहन के लिए तैयार किया जाता है, ताकि वे सेवा में आने के बाद अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से पालन कर सकें। दीक्षांत समारोह के बाद एडीजीपी सुहास ने झालावाड़ पुलिस लाइन परिसर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्थाओं और संबंधित गतिविधियों का जायजा लिया।

बाइट : राघवेंद्र सुहास (अतिरिक्त महानिरीक्षक), पुलिस प्रशिक्षण जयपुर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।