अपराध

झांसी में गैस रिसाव से घर में लगी आग:LPG सिलेंडर पर बेटी की बर्थ-डे पार्टी का खाना बना रही मां और दादी झुलसी

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 22 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
झांसी में गैस रिसाव से घर में लगी आग:LPG सिलेंडर पर बेटी की बर्थ-डे पार्टी का खाना बना रही मां और दादी झुलसी

झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के दतिया गेट इलाके की नारायण कॉलोनी में शुक्रवार शाम बेटी के बर्थ-डे की पार्टी के लिए खाना बनाते समय घरेलू एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से सास-बहू झुलस गईं। पड़ोसियों ने आग की जानकारी होते ही घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। झुलसी महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नारायण कॉलोनी की हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले मुकेश सोनी सर्राफा बाजार में दुकान चलाते हैं। उनकी बेटी जाह्नवी 21 अगस्त को पांच साल की हुई है। बेटी के जन्मदिन पर घर में ही पार्टी रखी गई थी।

मुकेश सोनी ने बताया कि किचन में करीब 20 से 25 लोगों का खाना भट्टी पर तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान घरेलू एलपीजी सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा और अचानक आग लग गई। आग लगने की जानकारी सोसायटी के लोगों को हुई तो उन्होंने तत्काल घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग की चपेट में आने से मुकेश सोनी की पत्नी और मां झुलस गईं। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मुकेश सोनी ने बताया कि जिस समय आग लगी, वह अपनी दुकान पर मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि सोसायटी के लोगों, फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से आग को समय रहते काबू कर लिया गया। यही वजह रही कि पत्नी और मां पर ज्यादा आंच नहीं आई। अगर आग फैल जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।