झांसी में कुड़ार नदी के टापू पर फंसे 6 ग्रामीण:NDRF ने बढ़ते जलस्तर के बीच रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला, लोगों के घर डूबे
मऊरानीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत धायपुरा में कुड़ार नदी के टापू पर फंसे छह ग्रामीणों को गुरुवार देर शाम एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अचानक बढ़े नदी के जलस्तर ने उनके रिहायशी मकानों को चारों ओर से घेर लिया था, जिससे ग्रामीण टापू पर फंस गए थे।
बुधवार और गुरुवार को हुई लगातार भारी बारिश के कारण कुड़ार नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी में उफान आने से पानी ने टापू को चारों ओर से घेर लिया, जिससे ग्रामीणों के मकानों तक पहुंचने वाले रास्ते जलमग्न हो गए और वे वहीं फंस गए। ये ग्रामीण अपने दुधारू पशुओं के साथ नदी के उस पार बने रिहायशी मकानों में रह रहे थे।
फंसे हुए ग्रामीणों में ग्राम धायपुरा निवासी ओमप्रकाश यादव, ज्वालाप्रसाद (पुत्र चंद्रभान), सावित्री यादव (पत्नी ओमप्रकाश), मंगल प्रजापति (पुत्र दुर्जनलाल), गीता प्रजापति (पत्नी मंगल) और राजू यादव (पुत्र मोतीलाल) शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही मऊरानीपुर तहसील प्रशासन और लहचूरा थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई।
उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और लहचूरा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम ने किश्ती के सहारे टापू पर पहुंचकर ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह अभियान उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और लहचूरा थाना पुलिस की मौजूदगी में चलाया गया।
सभी ग्रामीणों को देर शाम सकुशल उनके घरों तक पहुंचा दिया गया। ग्रामीणों के सुरक्षित बाहर आने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने समय पर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए मऊरानीपुर प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
📡 स्रोत: NewsData.io