झारखंड में भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग जारी

अगस्त 18, नई दिल्ली: 25 जुलाई से रांची में चल रहे छात्र आंदोलन ने 17 अगस्त को बड़ा मोड़ लिया। आंदोलन के 24वें दिन सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत हुई और बातचीत के बाद सरकार को कई अहम मांगों पर पीछे हटना पड़ा। सरकार की ओर से मांगें माने जाने के ऐलान के बाद रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों के बीच जश्न का माहौल दिखा। अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो समेत दूसरे छात्रों ने पानी और जूस पीकर अपनी भूख हड़ताल खत्म की। यानी करीब साढ़े तीन हफ्ते से सड़क पर उतरे छात्रों के आंदोलन को पहली बड़ी कामयाबी मिली।सरकार ने TDPL एजेंसी के जरिए कराई गई JSSC-CGL समेत सभी परीक्षाओं और उनके नतीजों को रद्द करने का ऐलान किया है। साथ ही 2014 से अब तक हुई भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CID जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। लेकिन छात्रों ने जीत का जश्न मनाने के साथ-साथ आंदोलन खत्म करने से इनकार कर दिया है क्योंकि छात्रों का कहना है कि उनकी सारी मांगें अभी नहीं मानी गई हैं। सबसे बड़ा पेंच पूरे मामले की CBI जांच को लेकर है। छात्र नेता साफ कर चुके हैं कि जब तक इन मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
फोटो- देवेंद्र नाथ महतो ने तोड़ा अनशन (फाइल फोटो)