जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश, पेयजल, बिजली, रैंप और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर दिया जोर
खैरथल-तिजारा,(14 अक्टूबर)। पंचायती राज चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने मंगलवार को किशनगढ़बास एवं तिजारा पंचायत समिति क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सतर्कता बरतने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी किशनगढ़बास सत्यवीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किशनगढ़बास क्षेत्र के राजकीय विद्यालय धमुकड़, बाघोड़ा और मिर्जापुर सहित तिजारा क्षेत्र के राजकीय विद्यालय जेरौली, खलीलपुर, हसनपुर माफी, बाघोर और सरहेटा स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों की स्थिति और वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अतुल प्रकाश ने मतदान कक्षों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहां आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त लाइट लगवाने को कहा, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप और शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की समय रहते जांच कर कमियों को दूर किया जाए। साथ ही शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं, ताकि मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाया और गणित से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के कार्मिकों से शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यालय संचालन और उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पंचायती राज चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी का यह दौरा मतदान केंद्रों पर तैयारियों की समीक्षा और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।
प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।