जिला स्तरीय कार्यशाला : पीएम आवास के लाभार्थियों को सौंपी चाबी

सवाई माधोपुर| शासन सचिव, ग्रामीण विकास विभाग, जयपुर के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिला स्तरीय लाभार्थी कार्यशाला सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित हुई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया के निर्देशन में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का पंचायत समिति स्तर पर भी आयोजन किया गया। कार्यशाला में बताया गया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में ‘सभी के लिए आवास’ के उद्देश्य से 1 अप्रैल 2016 से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को बुनियादी सुविधाओं सहित पक्के आवास निर्माण के लिए सहायता प्रदान की जाती है।कार्यक्रम में पात्र परिवारों को योजना की सामान्य जानकारी दी गई। पूर्ण आवासों के लाभार्थियों का गृह प्रवेश कराया गया तथा 5 लाभार्थियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। इस अवसर पर विकास अधिकारी पंचायत समिति सवाई माधोपुर रमेश चंद मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा, योजना से संबंधित कार्मिक, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थी उपस्थित रहे।
📡 स्रोत: NewsData.io