जिलाधिकारी ने किया 70वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को नेहरू स्टेडियम बिजनौर में 70वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने क्रीड़ा समारोह के ध्वज फहराया तथा विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मार्च-पास्ट की सलामी ली।
उन्होंने कबूतर उड़ाकर शांति, सद्भावना एवं आपसी सौहार्द का संदेश भी दिया। जनपदीय क्रीड़ा समारोह आगामी 09 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।क्रीड़ा समारोह के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, मां सरस्वती की वंदना सहित अनेक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह एवं उमंग का वातावरण बना दिया। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की।इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेलों के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं बौद्धिक क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। खेल जीवन की विभिन्न चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करने का साहस और सामर्थ्य प्रदान करते हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल शिक्षा के समान ही महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ नियमित रूप से खेलकूद गतिविधियों में भी प्रतिभाग करें तथा अपनी प्रतिभा को निखारते हुए जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जिलाधिकारी ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।समारोह के अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना एवं आयोजकों द्वारा जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, खेल अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।