जिले के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित हुई 22वीं खोज प्रतिभा परीक्षा, मेधावी विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →गढ़वा/श्री बंशीधर नगर। जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 22वीं खोज प्रतिभा परीक्षा (टैलेंट सर्च एग्जाम) का आयोजन किया गया। परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा व ज्ञान का प्रदर्शन किया।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में समिति से जुड़े पदाधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्री बंशीधर नगर में परीक्षा के सफल संचालन में सुशील कुमार केशरी, पवन कुमार तिवारी, रामानुज सिंह एवं विनय शर्मा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं मझियांव में सुधीर पाठक, मेराल में कमलेश दुबे, बिशुनपुरा में अभय कुमार दुबे, रंका में अनिल विश्वकर्मा, तसरार में मुजीबुद्दीन खान ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
गढ़वा स्थित ज्ञान निकेतन विद्यालय में मदन प्रसाद केशरी, संजय सोनी, महेंद्र विश्वकर्मा एवं अमरेंद्र पाठक के सहयोग से परीक्षा का सफल संचालन हुआ। वहीं आरके पब्लिक स्कूल में अशोक विश्वकर्मा ने परीक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित कराया। इस अवसर पर जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय ने बताया कि इस वर्ष खोज प्रतिभा परीक्षा का 22वां संस्करण आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह परीक्षा विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच है। पूर्व में इस परीक्षा में शामिल होने वाले कई विद्यार्थी आज विभिन्न ऊंचे पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे इस परीक्षा की उपयोगिता और महत्व का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
वही समिति के सचिव मदन प्रसाद केशरी ने बताया कि परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद नवंबर तक परीक्षाफल प्रकाशित कर दिया जाएगा। उन्होंने परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतिभा को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थी अपने भविष्य को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें। Blog Site Manager By Global Info Edge
📡 स्रोत: NewsData.io