भोपाल

जिंसी चौराहे पर अहिरवार समाज का वार्षिक आयोजन, भजन-कीर्तन के साथ होगा सम्मान समारोह और विशाल भंडारा

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 9 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

1954 से लगातार चली आ रही परंपरा इस वर्ष भी निभाएगा समाज, सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों का होगा सम्मान

भोपाल। जिंसी चौराहे स्थित अहिरवार समाज भोपाल के रविदास मंदिर में 22 सितंबर की शाम भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा। इसके अगले दिन 23 सितंबर को सुबह 11 बजे विशाल भंडारे के साथ सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष सीताराम पटेल ने बताया कि समाज की ओर से यह आयोजन वर्ष 1954 से लगातार किया जा रहा है। बुजुर्गों द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को समाज के लोग आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को आगे जारी रखेंगी।

समिति के सचिव कुंजीलाल ने कहा कि समाज के बुजुर्गों ने जिस उद्देश्य और सामाजिक भावना के साथ इस आयोजन की शुरुआत की थी, उसे आज भी कायम रखने का प्रयास किया जा रहा है। भजन-कीर्तन, भंडारा और सम्मान समारोह के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट होने का अवसर मिलता है।

समिति के कोषाध्यक्ष माधव सिंह अहिरवार ने बताया कि इस बार आयोजित सम्मान समारोह में समाज के बुद्धिजीवी और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले साथी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान उनका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की परंपराओं को जीवित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सामाजिक विरासत से जोड़ने का काम भी करते हैं।

आयोजन में तुलसीराम अहिरवार, उमेश अहिरवार सहित समाज के अन्य लोगों की सहभागिता रहेगी। समिति ने समाज के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।