भोपाल

जोधपुर से कटरा के लिए आज से सीधी ट्रेन:तीन गाड़ियां बदले रूट से चलेंगी; पढ़िए रेलवे की अन्य प्रमुख खबरें

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जोधपुर से कटरा के लिए आज से सीधी ट्रेन:तीन गाड़ियां बदले रूट से चलेंगी; पढ़िए रेलवे की अन्य प्रमुख खबरें

जोधपुर से कटरा के लिए रविवार को सीधी ट्रेन मिलेगी। ऐसे में यहां से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका फायदा मिलेगा। वहीं जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस दो दिन बदले मार्ग से चलेगी। इसके साथ ही रेलेवे ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए वॉर रूम से मॉनिटरिंग कर रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है। पढ़ें रेलवे की प्रमुख खबरें… 1.

जोधपुर से श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा की मिली सीधी कनेक्टिविटी माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के रविवार से जोधपुर से श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। रेलवे ने यात्रियों को बड़ी सुविधा देते हुए साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस का विस्तार श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक कर दिया है।

नई व्यवस्था रविवार से लागू होगी। इससे यात्रियों को जम्मूतवी में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी और वे सीधे कटरा तक यात्रा कर पाएंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 19223 साबरमती बीजी-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा एक्सप्रेस रविवार से प्रतिदिन जोधपुर से शाम 7 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 6.55 बजे कटरा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 19224 श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा-साबरमती बीजी एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह 4.50 बजे कटरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन के विस्तार के साथ मार्ग में तीन नए स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा भी दी गई है। इनमें साम्बा,बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशन शामिल हैं।

इन स्टेशनों पर ठहराव होने से आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी रेल यात्रा में सुविधा मिलेगी। इससे जम्मू क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों तक पहुंचना आसान होगा। 2.जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस दो दिन बदले मार्ग से चलेगी बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते जोधपुर मंडल से जुड़ी तीन ट्रेनें बदले हुए रूट से चलेगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 18 व 19 अक्टूबर को भोपाल से संत हिरदाराम नगर,मक्सी और रुठियाई होकर संचालित होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 18 व 19 अक्टूबर को रुठियाई,मक्सी और संत हिरदाराम नगर होकर भोपाल पहुंचेगी।

इसके अलावा 17 अक्टूबर को तिरुचिरापल्ली से रवाना हुई ट्रेन संख्या 20482 तिरुचिरापल्ली-भगत की कोठी एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग भोपाल,संत हिरदाराम नगर,मक्सी, नागदा,कोटा और सवाई माधोपुर होकर संचालित होगी। 3.

त्योहारों पर टिकट जांच में होगी सख्ती, सीसीटीवी से भी निगरानी दीपावली और छठ पूजा जैसे त्योहारों में बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार मंडल स्तर पर वॉर रूम से भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जाएगी।

संवेदनशील स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और जरूरत के अनुसार अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट पर रास्ता व्यवस्थित रखने,आरक्षित व अनारक्षित यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाने तथा फुट ओवरब्रिज पर भीड़ रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

टिकट चैकिंग में भी सख्ती करने के साथ बुकिंग काउंटर पर भी पर्याप्त स्टाफ रहेगा।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।