देश

JPSC-JSSC भर्ती विवाद पर झारखंड में छात्र आंदोलन तेज

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 16 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 16, नई दिल्ली: झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे पर छात्र आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। रांची में छात्र 23 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि 13 दिनों से भूख हड़ताल भी जारी है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाए और मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है।

आंदोलनकारी अब भर्ती प्रक्रिया में सुधार के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं।

छात्रों ने कांग्रेस और राहुल गांधी से अपील की है कि अगर मुख्यमंत्री उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, तो कांग्रेस को JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस लेना चाहिए।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सरकार से जिद छोड़कर छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।

इस बीच, 13 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे छात्रों की तबीयत बिगड़ रही है। अनशनरत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

देवेंद्र नाथ महतो का इलाज कर रहे डॉक्टर हाफिज अली के मुताबिक, उनका ब्लड प्रेशर बार-बार कम हो रहा है। फ्लूइड दिए जाने के बाद रक्तचाप कुछ हद तक सामान्य होता है, लेकिन फ्लूइड बंद होने पर फिर गिरने लगता है।

डॉक्टर के मुताबिक, शरीर में फ्लूइड की कमी से कमजोरी और चक्कर की समस्या हो सकती है।

अनशनरत छात्र प्रेम नायक ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है और आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, अनशनरत छात्र देवेंद्र नाथ महतो ने पुलिस पर तिरंगा मार्च में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाया है।

20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव के ऐलान के बाद अब सरकार और छात्रों के बीच गतिरोध पर नजर बनी हुई है।

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।