अपराध

कबीरधाम में डकैती का 48 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 11.9 किलो चांदी के जेवरात बरामद

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कबीरधाम में डकैती का 48 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 11.9 किलो चांदी के जेवरात बरामद

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में डकैती की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की वारदात हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही तरेगांव जंगल थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा आसपास के 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस ने निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से लूटे गए करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने आपसी समन्वय से वारदात को अंजाम दिया था। घटना वाले दिन सभी आरोपी पंडरिया की देशी शराब दुकान के सामने एकत्रित हुए और दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने प्रार्थी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके बाजार से निकलते ही पीछा करना शुरू कर दिया। मछरीरेवार मंदिर घाटी के पहले मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की और जेवरात लूटकर फरार हो गए।

वारदात के बाद आरोपी लूटे गए जेवरात लेकर मुंगेली पहुंचे और बाद में उन्हें बेचने के उद्देश्य से बिलासपुर जाने की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जेवरात के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। कबीरधाम पुलिस के अनुसार, मामले में शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

बाइट – जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।