कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि पर बक्सर पहुंचे भाजपा के दिग्गज नेता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
स्व. कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि पर बक्सर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत कई मंत्री, पुण्यतिथि को राजकीय समारोह का दर्जा देने की उठी मांग।
03 नवंबर , बक्सर (बक्सर, बिहार) : भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के 'भीष्म पितामह' के रूप में पहचान रखने वाले स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बक्सर जिले के ढकाइच में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय समेत एनडीए के कई विधायक एवं वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इस दौरान सभी नेताओं ने स्व. कैलाशपति मिश्र के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि स्व. कैलाशपति मिश्र ने अपना पूरा जीवन संगठन और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
इस मौके पर नेताओं ने मांग की कि स्व. कैलाशपति मिश्र जैसी महान राजनीतिक हस्ती की पुण्यतिथि को राजकीय सम्मान समारोह के रूप में मनाया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी भी उनके जीवन, विचारों और योगदान से परिचित हो सके।
इसके साथ ही उनके सम्मान में बक्सर में एक पुस्तकालय स्थापित करने की पहल का भी उल्लेख किया गया। इस पुस्तकालय के माध्यम से उनके विचारों, साहित्य और जीवन से जुड़ी जानकारियों को संरक्षित करने के साथ युवाओं और विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
समारोह में शामिल नेताओं ने कहा कि स्व. कैलाशपति मिश्र का राजनीतिक और संगठनात्मक योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।