राज्य

कलक्टर ने सौंपे बचाव उपकरण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कलक्टर ने सौंपे बचाव उपकरण

जिला कलक्टर संदेश नायक ने नागरिक सुरक्षा विभाग को सौंपे 16 वॉकी-टॉकी सेट, 5 इमरजेंसी लाइट्स और 2 फुल बॉडी सेफ्टी हार्नेस

जयपुर, 02 अक्टूबर। जिला प्रशासन ने नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। जिला कलक्टर संदेश नायक ने नागरिक सुरक्षा गतिविधियों के तहत आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित बचाव कार्यों के लिए अत्याधुनिक उपकरण नागरिक सुरक्षा विभाग को प्रदान किए। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने 16 वॉकी-टॉकी सेट, 5 इमरजेंसी लाइट्स तथा 2 फुल बॉडी सेफ्टी हार्नेस विभाग को सौंपे। इन उपकरणों से आपदा के दौरान बचाव दलों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव अभियानों में समन्वय और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

जिला कलक्टर ने कहा कि किसी भी आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और समन्वित बचाव कार्य बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि वॉकी-टॉकी सेट के माध्यम से बचाव दलों के बीच निर्बाध संचार एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सकेगा। वहीं, इमरजेंसी लाइट्स रात अथवा कम रोशनी वाले स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोगी साबित होंगी।

उन्होंने बताया कि फुल बॉडी सेफ्टी हार्नेस ऊंचाई पर बचाव एवं राहत कार्य करने वाले कार्मिकों और स्वयंसेवकों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण उपकरण हैं। इनके उपयोग से जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले बचाव दलों की सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सकेगा। जिला प्रशासन की इस पहल से जयपुर में नागरिक सुरक्षा तंत्र को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करने तथा आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।