भोपाल

कलारा में गूंजा जनविश्वास का पैगाम, 250 ग्रामीणों से रूबरू हुए एसपी पंकज कुमार पाण्डेय, देखें वीडियो

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कलारा में गूंजा जनविश्वास का पैगाम, 250 ग्रामीणों से रूबरू हुए एसपी पंकज कुमार पाण्डेय, देखें वीडियो

समस्याएं सुनीं, समाधान का भरोसा दिया; साइबर ठगी और नशे के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को ग्राम कलारा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद का एक अलग स्वरूप देखने को मिला।

इस दौरान पुलिस अधिकारी केवल कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा करने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

एसपी का स्वागत करते हुए ग्रामीण
एसपी का स्वागत करते हुए ग्रामीण

कार्यक्रम में करीब 250 ग्रामीणों ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतों और समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के जल्द और समयबद्ध निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

ग्रामीणों से जनसंवाद करते हुए एसपी
ग्रामीणों से जनसंवाद करते हुए एसपी

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर से जुड़ी अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी पंकज कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

देखें जनसंवाद का वीडियो

साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता

कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अपना OTP, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना समय गंवाए 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मामले में समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

नशे के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश

जनसंवाद के दौरान नशे की बढ़ती समस्या को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार और समाज को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है।

परिवार, अभिभावक, युवा और समाज के जिम्मेदार लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही इस चुनौती का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।

जनता का भरोसा मजबूत करना प्राथमिकता: एसपी

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर निराकरण और पुलिस तथा जनता के बीच लगातार राब्ता कायम रखना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच बढ़ाने और आमजन के बीच पुलिस के प्रति भरोसे को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी समस्या अथवा अपराध से संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं और साइबर अपराध तथा नशे जैसी सामाजिक चुनौतियों से निपटने में पुलिस का सहयोग करें।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर, एसडीओपी बैरसिया सुश्री वैशाली कराहलिया, थाना प्रभारी गुनगा उप निरीक्षक रिंकू जाटव सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। जब वर्दी जनता के बीच पहुंचकर उसकी बात सुनती है, तो कानून का खौफ नहीं, बल्कि भरोसे का रिश्ता मजबूत होता है।

पुलिस और जनता के बीच यही संवाद किसी भी प्रभावी और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था की मजबूत बुनियाद बनता है।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।