खेल

काले सूट पर दुपट्टा डाले ममदानी ने न्यूयॉर्क में भारतीयों के साथ खेला गरबा, इलिनोइस मंदिर हमले के प्रयास के बाद एकता का आह्वान

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
काले सूट पर दुपट्टा डाले ममदानी ने न्यूयॉर्क में भारतीयों के साथ खेला गरबा, इलिनोइस मंदिर हमले के प्रयास के बाद एकता का आह्वान

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने हिंदू समुदाय के लोगों के साथ नवरात्रि और दुर्गा पूजा के जश्न में शामिल होने के बाद, लोगों से नफरत के खिलाफ एकजुट होने और एक-दूसरे का ख्याल रखने की अपील की है। उनका यह बयान इलिनोइस के एक मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश को अधिकारियों द्वारा नाकाम किए जाने के कुछ दिनों बाद आया है।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में ममदानी को भारतीय समुदाय के लोगों के साथ गरबा करते हुए और न्यूयॉर्क सिटी के विभिन्न मंदिरों में प्रार्थनाओं तथा अन्य उत्सव संबंधी रीतियों में हिस्सा लेते हुए देखा जा सकता है। ममदानी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा इस हफ्ते, मुझे क्वींस में हिंदू न्यूयॉर्कवासियों के साथ नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशईं और विजयादशमी मनाने का सौभाग्य मिला।

उन्होंने कहा हमने गरबा किया, आरती की, सिंदूर खेला देखा और देवी दुर्गा का सम्मान किया। हमारे शहर के मंदिरों में खुशी, आस्था और समुदाय के साथ एक साथ आना सम्मान की बात थी। खासकर पिछले हफ्ते इलिनोइस के एक हिंदू मंदिर में हुई सामूहिक गोलीबारी की कोशिश के बाद। मेयर ने आगे कहा कि आइए, हम सब मिलकर नफरत के खिलाफ खड़े होने और एक-दूसरे का ख्याल रखने की अपनी साझा जिम्मेदारी निभाएं।

जय माता की। ममदानी की ये टिप्पणियां अमेरिका में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती नफरत को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच आई हैं। साथ ही, यह बयान इलिनोइस के अरोरा इलाके में हिंदुओं के एक पूजा स्थल पर हमले की साजिश रचने के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक की गिरफ्तारी के बाद आया है। 11 अक्टूबर को मंदिर पर कथित तौर पर हमला करने की कोशिश करने के बाद पैलेटाइन के एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार कर लिया गया।

उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर में संदिग्ध की राइफल जाम हो जाने के कारण हमला नाकाम हो गया, जिसके बाद उसे वापस घर लौटना पड़ा। अमेरिकी सांसदों, राजनीतिक नेताओं और नागरिक समाज संगठनों ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने देश में हिंदुओं और भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नफरत को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

इलिनोइस का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने बताया कि जब वह किशोर वहां पहुंचा, तो वे और उनका परिवार भी ऑरोरा मंदिर में ही मौजूद थे। माना जा रहा है कि वह वहां बड़ी गोलीबारी (मास शूटिंग) करने के इरादे से आया था।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।