कल्याणकारी योजनाओं से किन्नौर के निर्माण श्रमिक परिवारों को मिला संबल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 16,किन्नौर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा किन्नौर जिले के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 50.51 लाख रुपये के लाभ प्रदान किए गए। जिले में 134 लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ मिला है।
बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न 14 कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र श्रमिकों एवं उनके परिवारों को सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। इनमें मातृत्व लाभ, विवाह सहायता, शिक्षा छात्रवृत्ति, चिकित्सा एवं मेडिकल सहायता, बीमा, आवास सहायता तथा मुख्यमंत्री एकल नारी आवास योजना सहित विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।
इन योजनाओं का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहारा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके बच्चों की शिक्षा और परिवार के सामाजिक संरक्षण को मजबूत करना है। जिला किन्नौर जैसे दुर्गम एवं भौगोलिक रूप से कठिन क्षेत्र में निर्माण श्रमिकों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना महत्वपूर्ण है।
जिला श्रम कल्याण अधिकारी किन्नौर सपन जसरोतिया ने बताया कि बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थी अपने बीओसीडब्ल्यू पहचान पत्र में संबंधित लाभ की प्रविष्टि अवश्य करवाएं। इससे श्रमिकों को भविष्य में प्राप्त योजनागत लाभों का सही रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और विभागीय अभिलेख भी अद्यतन रहेंगे। निर्माण श्रमिकों के श्रम और योगदान को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने वाली ये कल्याणकारी योजनाएं उनके परिवारों के लिए आर्थिक सहारा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही हैं।