कामगारों के लिए मददगार बन रहा कामगार कल्याण बोर्ड: अजय सोलंकी
लाभार्थियों को दी गई एक करोड़ 11 लाख 55 हजार की राशि अगस्त 20, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने कहा है कि कामगारों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का बड़ा लाभ कामगारों तक पहुंचाया जा रहा है और बड़ी संख्या में कामगारों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि हजारों कामगार हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठा रहे है। उन्होंने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाने में नाहन विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में पहले स्थान पर है।
नाहन विधानसभा क्षेत्र में लाभार्थियों को करीब एक करोड़ 11 लाख 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि कामगारों के बच्चों की शिक्षा के लिए भी बोर्ड की ओर से करीब 55 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भी कामगार कल्याण बोर्ड की योजना के तहत करीब 10 लाख रुपये की सहायता राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि विधवा और एकल महिलाओं को भी आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए करीब 50 लाख रुपये की राशि दी गई है।