अपराध

कमला नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोरी के मामलों का खुलासा; चार मोटरसाइकिलें बरामद, दो अपचारी बालक अभिरक्षा में

लेखक: Neeraj Verma अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कमला नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोरी के मामलों का खुलासा; चार मोटरसाइकिलें बरामद, दो अपचारी बालक अभिरक्षा में

भोपाल में करीब 4 लाख रुपये का मशरूका बरामद, टीटी नगर और रातीबड़ की वारदातों के संबंध में भी जांच; दो अन्य आरोपी फरार

भोपाल। राजधानी में वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए कमला नगर थाना पुलिस ने चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पूछताछ के दौरान टीटी नगर और रातीबड़ थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। वहीं, मामले में संलिप्त बताए जा रहे राजपाल हाड़ा और समीर फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को सुदामा नगर निवासी प्रियंका सोरेन ने कमला नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-04-YU-9743 घर के बाहर खड़ी थी, जो अगले दिन सुबह गायब मिली। आसपास तलाश करने पर भी वाहन का पता नहीं चला। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 372/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर दो अपचारी बालक अभिरक्षा में

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में वाहन चोरी करने वाले संदिग्ध घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया। शुरुआत में उनके पास उम्र संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे और पूछताछ में उन्होंने स्वयं को बालिग बताया था। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय से पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि रिमांड के दौरान दोनों के अलग-अलग मेमोरेण्डम के आधार पर चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। संबंधित प्रकरणों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई 4 अक्टूबर 2026 को की गई। बाद में जन्मतिथि और उम्र से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन में दोनों की उम्र 18 वर्ष से कम पाई गई। नियमानुसार रिमांड पत्रावली प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्याय बोर्ड, भोपाल के समक्ष प्रस्तुत की जा रही है।

चार मोटरसाइकिलें बरामद, दूसरे थाना क्षेत्रों से भी जुड़े तार

पुलिस द्वारा बरामद वाहनों में पल्सर 150 सीसी, काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक MP-04-YP-0867; स्प्लेंडर क्रमांक MP-04-YU-9743; पल्सर 125 सीसी, काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक MP-49-AT-5752 और पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-37-ZF-1566 शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, चौथी मोटरसाइकिल सीहोर जिले के बिलकिसगंज थाना क्षेत्र से चोरी होना पाया गया है। इस संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सूचित किया गया है। पूछताछ में टीटी नगर और रातीबड़ थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी सामने आई है। इन मामलों में संबंधित थानों से समन्वय कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, मामले में राजपाल हाड़ा और समीर की गिरफ्तारी शेष है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी तलाश कर रही है। वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निरूपा पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, संजय वर्मा, सुनील इवनाती, सहायक उपनिरीक्षक रामदरश यादव तथा प्रधान आरक्षक रामस्वरूप, मनोज जोठे, अमित बौद्ध, भगवान सिंह, श्रवण कुमार और आरक्षक श्रीराम बघेल, चंदन पाण्डेय, बलराम रघुवंशी, वीरेन्द्र कुर्मी एवं नीरज यादव की भूमिका रही।

🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत

वाहन चोरी के मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने चार मोटरसाइकिलें बरामद की और दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया, जिससे समाज में न्याय और सुरक्षा का संदेश मिलता है। यह हमें याद दिलाता है कि अपराध का सामना कानूनी रास्तों से करना ही सही है—रिपोर्टिंग, साक्ष्य जमा करना, और पुलिस के साथ सहयोग करना। समाज को मिलकर जागरूकता बढ़ानी चाहिए, ताकि ऐसे अपराधों को रोका जा सके और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

N
Neeraj Verma

नीरज वर्मा मुरैना के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो वॉयस ऑफ क्रांति के लिए मुरैना की राजनीति से लेकर सामाजिक समस्याओं को कवर करते हैं।