भोपाल

कमला नगर थाने में ट्रक एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग, देखें वीडियो

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 22 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कमला नगर थाने में ट्रक एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग, देखें वीडियो

भोपाल। परिवहन के नाम पर ट्रक चालकों एवं वाहन स्वामियों पर लगाए जा रहे भारी जुर्माने के विरोध में लोकल ट्रांसपोर्ट जागरूकता सहायता समिति एवं ट्रक एसोसिएशन से जुड़े लोगों ने मंगलवार को कमला नगर थाने में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रातीबड़ क्षेत्र में कथित अवैध खनन का मुद्दा उठाते हुए खनिज विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए और कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

समिति के मनोज राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि रातीबड़ क्षेत्र में कथित रूप से अवैध खनन किए जाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, जबकि कार्रवाई के नाम पर ट्रक चालकों और मालिकों पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के बजाय ट्रक मालिकों को परेशान किया जा रहा है।

समिति द्वारा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को दिए गए आवेदन में मध्य प्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के नियम 19 के तहत पर्यावरण क्षतिपूर्ति के नाम पर लगाई जा रही शास्तियों का विरोध किया गया है। आवेदन में चार लाख रुपये तक के जुर्माने का उल्लेख करते हुए इसे वापस लेने और कथित उत्पीड़न समाप्त करने की मांग की गई है।

मनोज राठौड़ ने बताया कि समिति के अनुसार खनिज विभाग द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अवैध खनन, पर्यावरण को हो रहे नुकसान और परिवहन से जुड़े मामलों की अलग-अलग जांच कर वास्तविक जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

समिति ने बताया कि राहत के लिए मंत्रालय, संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया गया, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। समिति ने चेतावनी दी है कि मांगों पर राहत नहीं मिलने पर 23 सितंबर 2026 से चूना भट्टी चौराहे पर चक्का जाम किया जाएगा।

मनोज राठौड़, अध्यक्ष पवन सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष महेश तोमर और सचिव रोहित यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग कर रही है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।