कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:इंजीनियर की रूस में गिरफ्तारी पर पत्नी ने मांगी मदद, बैंक अधिकारी की चाइनीज मांझे से अंगुली कटी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →कानपुर की कल (सोमवार) की 10 बड़ी खबरें...
करोड़पति दवा कारोबारी ससुर की बहू ने नौकर से हत्या करवा दी। बहू ने कहा- खर्च का पैसा भी नहीं देते थे। बंदिशें लगा रखी थीं। कच्चा मकान गिरने से जान गंवाने वाले पिता और 3 बेटियों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव से एक साथ 4 अर्थियां उठीं तो हर आंखें नम हो गईं। रूस में शहर के इंजीनियर की गिरफ्तारी पर पत्नी ने PM और CM योगी से मदद मांगी।
बोली- जबरन सेना में भेजे जाने का डर है। मैनावती रोड पर बदहाल है। यहां सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। स्वरूप नगर में तड़के 2 मंजिला मकान में आग लग गई। फायरकर्मियों ने 3 लोगों को सीढ़ी लगाकर निकाला। 2 कुत्तों का भी रेस्क्यू किया गया। बैंक अधिकारी की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से बच गई जबकि हाथ के अंगुलियों की मांस बाहर निकल आई।
ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें...। अब सिलसिलेवार खबर पढ़िए... 1.
कानपुर में बहू ने करोड़पति ससुर की हत्या कराई:नौकर को बेडरूम में छिपाया, फोन पर गाइड करती रही; शक न हो इसलिए खूब रोई कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की हत्या उनकी 36 साल की इकलौती बहू ने कराई थी। वजह थी- बंदिशें...। विनीत बहू पर CCTV से नजर रखते थे। उसे पैसे भी उतने ही देते थे, जो जरूरी होते थे।
देर रात घूमने और पार्टी करने वाली बहू ने नौकर विशाल (30) को 6 लाख में सुपारी दी, बदले में नौकर ने 26 बार चाकू से गोदकर विनीत को मार दिया। हत्यारोपी नौकर के कबूलनामे के बाद पुलिस ने कारोबारी की बहू शालू को गिरफ्तार कर लिया है। पहले वह पुलिस को गुमराह करती रही। फिर सख्ती करने के बाद उसने अपना जुर्म कबूल लिया।
पढ़िए पूरी खबर 2.
कानपुर में एक साथ उठीं 4 अर्थियां; मूसानगर घाट पर अंतिम संस्कार; मकान गिरने से पिता और 3 बेटियों की गई थी जान कानपुर में रविवार को कच्चा मकान गिरने से जान गंवाने वाले पिता और तीन बेटियों का सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोपहर 1:30 बजे कानपुर देहात के मूसानगर घाट पर छोटे भाई नींदे ने मुकेश को मुखाग्नि दी।
मुकेश का अंतिम संस्कार किया गया, जबकि उनकी तीनों बेटियों के शव यमुना नदी में प्रवाहित किए गए। सुबह चारों की अर्थियां एक साथ उठीं तो परिजन और ग्रामीण शवों को कंधा देकर घाट तक पहुंचे। सोमवार सुबह परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद तहसीलदार ने उन्हें समझाया और तत्काल आर्थिक सहायता दी, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
हादसा घाटमपुर के हिरनी गांव में हुआ था। पढ़िए पूरी खबर 3.
रूस में कानपुर के इंजीनियर को पुलिस ने किया गिरफ्तार:पत्नी बोली-पति को रूसी सेना में भेज रही पुलिस, अब मोदी-योगी से लगाई गुहार रूस में वर्क वीजा पर काम करने गए इंजीनियर चंदन गुप्ता को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। मॉस्को में रह रही उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पति की मदद की गुहार लगाई है। स्नेहा ने आरोप लगाया है कि उनके पति को बिना किसी कारण के पुलिस अपने साथ ले गई और अब उन्हें जबरन रूसी सेना में भेजे जाने का डर है। पढ़िए पूरी खबर 4.
कानपुर में बाढ़ से फसल डूबी, किसान ने जान दी:खेत देखकर लौटा, फंदे से लटका; पांच बीघा धान और बाजरा बर्बाद हो गया था कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के बिनौर गांव में बाढ़ से फसल बर्बाद होने से परेशान किसान ने फंदे से लटककर जान दे दी। किसान ने कर्ज लेकर बलघट में करीब 5 बीघा खेत लिया था, जिसमें धान और बाजरा की फसल बोई थी। पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश के बाद नून नदी में आई बाढ़ से खेत में पानी भर गया और पूरी फसल जलमग्न हो गई। रविवार को खेत पर फसल की स्थिति देखने पहुंचे किसान ने बर्बाद फसल देखी। इसके बाद वह घर लौटा और अपने कमरे में चला गया, जहां देर शाम उसका शव फंदे से लटका मिला। पढ़िए पूरी खबर 5.
कानपुर का 6 किमी मैनावती मार्ग बदहाल:गड्ढों में भरा पानी, एक लेन बंद जैसी स्थिति; लोग बोले- कार नहीं, ट्रक-ट्रैक्टर चल सकते हैं कानपुर को बिठूर से जोड़ने वाला करीब 6km लंबा मैनावती मार्ग इन दिनों बदहाल है। जागेश्वर मंदिर से सिंहपुर तिराहे तक सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। कई हिस्सों में बारिश का पानी भरा होने से सड़क और गड्ढों का फर्क तक पता नहीं चल रहा।
दो लेन वाली सड़क के कई हिस्सों में गड्ढों और जलभराव के कारण एक लेन बंद जैसी स्थिति में है। ऐसे में वाहनों को दूसरी लेन से निकलना पड़ रहा है। इससे हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। दैनिक भास्कर की टीम मौके पर पहुंची और वहां के हालात की पड़ताल की। पढ़िए पूरी खबर 6.
कानपुर में घर में लगी भीषण आग:दूसरी मंजिल पर फंसे 3 लोगों को सीढ़ी लगाकर निकाला, 2 कुत्तों का भी रेस्क्यू कानपुर में सोमवार सुबह एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि पूरा घर धुएं से भर गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दूसरी मंजिल पर फंसे 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि सुबह 4:47 बजे मिनी कंट्रोल से सूचना मिली थी कि स्वरूप नगर में गैस्ट्रो लीवर रतन हॉस्पिटल के पास एक मकान में आग लगी है। सूचना मिलते ही कर्नलगंज और लाटूश रोड फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पढ़िए पूरी खबर 7. 30 रुपए की वसूली को लेकर मां-बेटे पर हमला:पीड़ित परिवार से मिले सपा नेता, बोले- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कमिश्नर से मिलेंगे कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र के जेके चौराहे स्थित सब्जी मंडी में 30 रुपए की वसूली को लेकर मां-बेटे पर हुए हमले का मामला अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सपा का प्रतिनिधिमंडल तिवारीपुर स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और उनसे मुलाकात की। महाराजपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी फतेह बहादुर गिल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल परिवार से मिलने पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और इलाज से लेकर कानूनी प्रक्रिया तक हर संभव मदद की जाएगी।
पढ़िए पूरी खबर 8.
कानपुर का नाम 'कमीशनपुर' पोस्ट करने पर BJP विधायक भड़के:कहा- अखिलेश लोगो की भावनाओं को आहत कर रहे, मानसिकता जगजाहिर कानपुर का नाम ‘कमीशनपुर’ करने वाले अखिलेश यादव के बयान पर बीजेपी विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कानपुर जैसे बड़े शहर के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। दैनिक भास्कर से बातचीत में राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि जिस शहर ने लाखों लोगों को रोजगार और आजीविका दी, उसके बारे में ऐसी टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने अखिलेश यादव की सपा सरकार के दौरान कानपुर के विकास को लेकर भी सवाल उठाए। पढ़िए पूरी खबर 9.
कानपुर इलेवन ने सांसद इलेवन को 13 रन से हराया:अंकित राजपूत के छक्कों से जीता कानपुर इलेवन, यूसुफ पठान की 52 रन की तूफानी पारी बेकार कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में रविवार को सांसद इलेवन और कानपुर इलेवन के बीच 15-15 ओवर का गौरव कप सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। डे-नाइट मुकाबले में कानपुर इलेवन ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के दम पर सांसद इलेवन को 13 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम किया।
कानपुर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में चार विकेट खोकर 173 रन बनाए। कानपुर इलेवन के कप्तान अंकित राजपूत ने पांच छक्के लगाकर नाबाद 34 रन की तूफानी पारी खेली। जवाब में सांसद इलेवन की टीम निर्धारित 15 ओवर में चार विकेट पर 160 रन ही बना सकी। पढ़िए पूरी खबर 10.
कानपुर में 90 सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशनों की होगी जांच:एक वार्ड में 9 कूड़ाघर बनाने पर उठे सवाल, नगर आयुक्त ने दिए निर्देश कानपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की जांच अब शहर में बनाए गए करीब 90 सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंच गई है। एक ही वार्ड में 9 कूड़ाघर बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद अब सभी स्टेशनों की जांच कराई जाएगी। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों को शहरभर के सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशनों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जांच में निर्माण से लेकर संचालन, कूड़ा उठान और निस्तारण तक की स्थिति देखी जाएगी। पढ़िए पूरी खबर
📡 स्रोत: NewsData.io