कानपुर देहात में मेले में मारपीट:प्रसाद बेचने को लेकर दुकानदारों में चले लाठी-डंडे
कानपुर देहात के रसूलाबाद में रविवार शाम मेले में प्रसाद बेचने को लेकर दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के करीब 10 लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान लाठी-डंडे और ईंटों से हमला किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना रसूलाबाद कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई।
मारपीट का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सामने आया है। वीडियो में करीब पांच लोग हाथों में लाठी लिए दिखाई दे रहे हैं, जबकि कई लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। एक युवक महिला पर ईंट से हमला करता भी नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि मेले में प्रसाद की दुकान लगाने और उसे बेचने को लेकर दुकानदारों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर खुलेआम हुई मारपीट ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के लोगों को थाने लाया गया है। रसूलाबाद थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह ने बताया कि मेले में दुकानदारों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को थाने लाया गया है। सभी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io