कानपुर नगर निगम में चल रहा ऐसा खेल:जांच में घिरे कर्मचारी के 'सम्मान' में 50 हजार का प्रमिला सभागार किया फ्री
कानपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच जारी है, लेकिन इसी बीच नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार एक संगठन को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नगर आयुक्त कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी की सिफारिश पर नि:शुल्क आवंटित कर दिया गया।
खास बात यह है कि इसी कार्यक्रम में नगर निगम के उस चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विनोद कुमार का सम्मान किया गया, जिसके खिलाफ ठेकेदारों पर दबाव बनाने वाले सिंडीकेट से जुड़े होने की जांच में बात सामने आई है।
विनोद कुमार का हुआ सम्मान कानपुर महानगर अखंड भारत संकल्प समिति की ओर से रविवार देर शाम को प्रमिला सभागार में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसी दौरान संयुक्त वाहन चालक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और नगर निगम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विनोद कुमार को भी सम्मानित किया गया।
शनिवार को पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल की जांच में विनोद कुमार के उस सिंडीकेट का सदस्य होने की बात सामने आई थी, जिस पर सफेदपोशों की मदद से ठेकेदारों पर दबाव बनाने के आरोप लगे हैं। वहीं, विनोद कुमार को दो सरकारी बंगले आवंटित होने का मामला भी पहले से चर्चा में है।
सवालों के घेरे में नगर निगम कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भी नगर निगम की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। क्योंकि नगर आयुक्त कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी की सिफारिश पर प्रमिला सभागार पार्षद कोटे से नि:शुल्क आवंटित कराया गया। इसके लिए करीब 50 हजार रुपए का किराया माफ किया गया।
नगर निगम जोन-5 के अधिकारियों का कहना है कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पार्षद कोटे से सभागार नि:शुल्क आवंटित किया गया था। खुद फेसबुक पर दी जानकारी विनोद कुमार ने कार्यक्रम में सम्मानित किए जाने की जानकारी अपने फेसबुक अकाउंट पर भी दी।
पोस्ट में उसने कार्यक्रम में शामिल होने वाले निगम कर्मचारियों और पदाधिकारियों के नाम लिखे हैं। उसने बताया कि हिंदू जागरण मंच आयोजन समिति की ओर से उसे पटका और अमर जवान का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
एक बाबू और दो अभियंताओं के निलंबन की फैली सूचना नगर निगम कार्यालय रविवार को बंद होने के बावजूद दिनभर कार्रवाई को लेकर चर्चाएं होती रहीं। अभियंत्रण विभाग के एक बाबू और दो अभियंताओं के निलंबन की सूचना फैलती रही। इसके अलावा विनोद कुमार से सरकारी बंगला खाली कराने के लिए नोटिस जारी किए जाने की भी चर्चा रही।
कार्रवाई के बीच पार्षदों की बैठक पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े करीब 35-40 पार्षदों के जुटने की चर्चा दिनभर रही। बताया गया कि बैठक में नगर निगम में चल रही कार्रवाई और जांच को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, पार्षद नवीन पंडित ने बताया कि उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी पर साथी पार्षद उनका हाल लेने पहुंचे थे।
नवीन पंडित ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई का पार्षद समर्थन करते हैं।
📡 स्रोत: NewsData.io