कानपुर की निराली ने नेशनल शूटिंग गेम्स में कांस्य जीता:SGFI ट्रायल्स और CISCE टीम में भी बनाई जगह, ओलंपिक खेलने का सपना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →कानपुर के यशोदा नगर की रहने वाली 16 साल की निशानेबाज निराली तिवारी ने राष्ट्रीय स्तर पर कानपुर का नाम किया है। सेंट जूडस स्कूल, मोहद्दीपुर गोरखपुर की ओर से 2 से 4 सितंबर तक 7वें CISCE नेशनल शूटिंग गेम्स हुए थे। इसमें निराली ने अंडर-19 वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता।
इस जीत के साथ ही उन्होंने SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) ट्रायल्स और CISCE टीम में भी अपनी जगह बना ली है। वहीं शनिवार रात 8 बजे घर पहुचने पर परिजन और क्षेत्रीय ने ढोल नगाड़े और फूल माला पहनाकर स्वागत किया। गोरखपुर में हुई इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 5 जोन से चुने गए टॉप निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था।
कड़ी टक्कर के बीच निराली ने धैर्य और एकाग्रता से निशाना लगाकर पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल, परिवार और कानपुर के खेल प्रेमियों में खुशी है। निराली की यह सफलता उनकी लगातार मेहनत और अभ्यास का नतीजा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच उन्होंने आत्मविश्वास से प्रदर्शन किया।
शनिवार को प्रतियोगिता से कानपुर लौटने पर स्कूल और परिजनों ने निराली का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से स्वागत किया। अपनी जीत का श्रेय निराली तिवारी ने अपने पिता संजीव तिवारी को दिया। उन्होंने कहा, “मेरे पिता ही मेरे कोच और मार्गदर्शक हैं। उन्होंने मुझे लगातार अभ्यास के लिए प्रेरित किया और हौसला बढ़ाया।
आज मैंने जो हासिल किया है, उसमें उनका सबसे बड़ा योगदान है।” निराली ने बताया कि, वर्ष 2028 में ओलंपिक खेलने का सपना है। निराली की सफलता ने यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, लगातार अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति से छोटे शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ सकते हैं। अब उनकी नजरें आगामी SGFI ट्रायल्स पर हैं, जहां वह एक बार फिर अपने सटीक निशाने से कानपुर का नाम रोशन करने की तैयारी में हैं।
📡 स्रोत: NewsData.io