कांगड़ा पुलिस की चिट्टा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में 17.50 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपये नकद बरामद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
धर्मशाला में अलग-अलग मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार, एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने दी जानकारी; संदिग्ध गतिविधियों की सूचना 112 पर देने की अपील
अक्तूबर 27, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): कांगड़ा पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गत रात्रि एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में पुलिस ने कुल 17.50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपियों को आज अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। यह जानकारी एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने दी। एसपी के अनुसार, पहला मामला पुलिस थाना धर्मशाला का है। योल चौकी की पुलिस टीम गश्त पर थी, इसी दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 7.14 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
आरोपी की पहचान गौरव वर्मा निवासी श्यामनगर, धर्मशाला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे मामले में देर रात सीआईए कांगड़ा की टीम को मिली सूचना के आधार पर एक होटल में दबिश दी गई। होटल के कमरे में मौजूद दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 10.36 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
आरोपियों की पहचान सुनील कुमार निवासी फाजिल्का और मंजीत कुमार निवासी मुंडी खरड़, पंजाब के रूप में हुई है। इस मामले में भी पुलिस थाना सदर धर्मशाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कांगड़ा पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।
प्रदेश सरकार की ओर से भी नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। एंटी-चिट्टा वॉकथॉन और जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्कूलों तथा समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि उनके आसपास या क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशे की तस्करी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इसके लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। एसपी ने कहा कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को चिट्टे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है।