कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर राठौड़ का तंज, बताया ‘जलेबी रेस’
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के नेताओं पर आपसी खींचतान को लेकर निशाना साधते हुए ‘जलेबी रेस’ का तंज कसा। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म ने भी कांग्रेस के सत्ता दुरुपयोग के आरोपों को खारिज कर इसे राजनीतिक नौटंकी बताया।
जयपुर, 5 अक्टूबर। पंचायत चुनाव से पहले राजस्थान की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस में कथित अंदरूनी खींचतान को लेकर कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए इसे ‘जलेबी रेस’ करार दिया।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस में जूली, अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और सचिन पायलट के बीच लंबे समय से आपसी खींचतान चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता अपनी-अपनी ढपली बजा रहे हैं और पार्टी में एकजुटता नजर नहीं आ रही है।
पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आत्मविश्वास पर तंज कसते हुए राठौड़ ने कहा कि यदि डोटासरा जनादेश को स्वीकार कर लें तो उनकी दुकान आज ही खाली हो जाएगी। उन्होंने कांग्रेस को नेतृत्वविहीन बताते हुए कहा कि पार्टी एकजुट होकर चुनावी मैदान में नजर नहीं आ रही है।
सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों पर पलटवार
कांग्रेस की ओर से भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग के लगाए जा रहे आरोपों पर भी राठौड़ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग करती तो लक्ष्मणगढ़ में निकाय चुनाव की सीट कांग्रेस एक वोट से नहीं जीत पाती।
राठौड़ ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए पिछली सरकार के कार्यकाल को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि इस तरह के आरोप लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करती है।
वहीं गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म ने कांग्रेस की ओर से डीजीपी को दिए गए ज्ञापन और लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनर्गल आरोप लगाए हैं। बेड़म के अनुसार यदि सत्ता का दुरुपयोग हुआ होता तो कांग्रेस के प्रत्याशी उन सीटों पर कैसे जीतते, जहां उनके उम्मीदवार विजयी हुए हैं।
बेड़म ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पूरे मामले में कांग्रेस की ओर से ‘नौटंकी’ की गई है। पंचायत चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ती बयानबाजी से प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।
बाइट - मदन राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी
बाइट - जवाहर सिंह बेढम , गृह राज्य मंत्री