कांग्रेस का ज्ञानपुर में विरोध मार्च:खड़गे के अपमान, राहुल गांधी पर FIR के खिलाफ प्रदर्शन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →भदोही जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को ज्ञानपुर में विरोध मार्च निकाला। यह मार्च कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी रैली स्थल पर भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित 'जातिवादी शुद्धिकरण अनुष्ठान' और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में था।
गांधी पार्क, ज्ञानपुर से शुरू होकर यह मार्च हरिहरनाथ मंदिर के पास बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड में उक्त कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल वापस लेने की मांग की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने इस दौरान कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हल्द्वानी में कथित जातिवादी व्यवहार बेहद निंदनीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने इस घटना के दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। पांडेय ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ऐसी दमनकारी कार्रवाई से नहीं डरेगी और संविधान, लोकतंत्र तथा सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा। जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए आवाज उठाई थी।
उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करना दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है। अंसारी ने आगे कहा कि भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया कथित 'शुद्धिकरण अनुष्ठान' न केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान है, बल्कि देश के संविधान, समानता और सामाजिक समरसता की भावना का भी अपमान है।
उन्होंने ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की।
विरोध मार्च में राजेश्वर दूबे,मुशीर इकबाल त्रिलोकी नाथ बिंद, सुबुकतगीन अंसारी, अवधेश पाठक, स्वालेह अंसारी, रमाशंकर बिंद, सुरेश चौहान, दुर्गेश तिवारी, अजय प्रजापति, शमशीर अहमद, मनोज गौतम, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, करन मौर्य, विष्णु जी उपाध्याय, सुमित शुक्ला, शक्ति मिश्रा, राकेश पाल,संतोष पाल, विशाल गौतम, बंशीधर शुक्ला, सूबेदार गौतम, मको ई लाल बिंद, गुलाब धर प्रजापति इत्यादि लोग उपस्थित रहें।
📡 स्रोत: NewsData.io